संचार क्रांति, बांसी (सिद्धार्थनगर)।
सिद्धार्थनगर जनपद के बांसी तहसील व ब्लाक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनफेरवा खुर्द (वैधजी) स्थित शंकर चिकित्सा संस्थान में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा संस्थान के चिकित्सक डॉ. शिवेश पाण्डेय, डॉ. रुद्रनारायण पाण्डेय एवं डॉ. यू.एम. पाण्डेय ने पत्रकारों को अंगवस्त्र तथा भगवान श्रीराम का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चिकित्सकों ने कहा कि समाज को सही दिशा देने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकार निष्पक्षता के साथ जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाकर प्रशासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं।
सम्मानित पत्रकारों राकेश त्रिपाठी, गिरिजेश धर द्विवेदी एवं ओमकार धर द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी व निष्ठा के साथ पत्रकारिता करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज होते हैं और जनहित के मुद्दों को पूरी ईमानदारी के साथ सामने लाना उनका दायित्व है। उन्होंने शंकर चिकित्सा संस्थान एवं चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने पत्रकारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।



