संचारक्रान्ति संवाददाता सिद्धार्थनगर। जनपद के दो शिक्षकों ने लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय ‘कहानी सुनाओ’ प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर जिले का नाम रोशन किया है। चयनित शिक्षकों ने अपने रचनात्मक कौशल और प्रभावशाली प्रस्तुति से राज्य मंच पर सिद्धार्थनगर का प्रतिनिधित्व किया।
विकास खंड बांसी अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय बड़हरघाट के प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार मिश्र का चयन जनपद स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया था। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने पर विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त किया।
इसी क्रम में विकास खंड डुमरियागंज के उच्च प्राथमिक विद्यालय जखौली के सहायक अध्यापक अभिषेक कुमार ने भी प्रतियोगिता में भाग लेकर जिले का प्रतिनिधित्व किया। उनकी प्रस्तुति को सराहना मिली।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने दोनों शिक्षकों को बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उनका कहना है कि शिक्षकों की सृजनात्मक सोच, नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता ही इस सफलता की आधारशिला है।



