Sunday, February 15, 2026
Google search engine
Homeसंचार क्रांतिग्रामीण अंचल में उमड़ा जनसैलाब, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों मरीजों को...

ग्रामीण अंचल में उमड़ा जनसैलाब, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों मरीजों को मिला उपचार

करौंदा मसिना में आयोजित शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं, दवाओं व चश्मों का वितरण

संचारक्रान्ति संवाददाता सिद्धार्थनगर। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में करौंदा मसिना स्थित सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल परिसर में विशाल निःशुल्क ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और निःशुल्क दवाएं प्राप्त कीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि स्वास्थ्य से बढ़कर कोई संपत्ति नहीं है। यदि व्यक्ति स्वस्थ है तो वह हर चुनौती का सामना कर सकता है, लेकिन बीमारी जीवन की गति को बाधित कर देती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
सांसद ने बताया कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की स्थापना संभव हुई और आगे भी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, मेदांता चिकित्सालय तथा संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान के विशेषज्ञ चिकित्सकों को आमंत्रित कर ग्रामीण जनता को बड़े शहरों जैसी स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
शिविर में हृदय रोग, अस्थि रोग, चर्म रोग, नेत्र रोग एवं सामान्य रोग विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच की। जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं और कई लोगों को चश्मा भी प्रदान किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों को समय पर जांच और संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने भी शिविर का निरीक्षण कर आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, चिकित्सकगण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments