बेलबनवा (इटवा–बांसी मार्ग) पर देर रात हादसा, राहगीरों ने दिखाई मानवता
संचारक्रांति संवाददाता बेलबनवा, सिद्धार्थनगर।
इटवा–बांसी मार्ग स्थित बेलबनवा क्षेत्र में सोमवार रात करीब 9:30 बजे एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो व्यक्तियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे जिगनिहवा निवासी श्याम मिश्रा, मोनू जायसवाल एवं उनकी टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने उनके इस मानवीय प्रयास की सराहना की। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों का इलाज जारी है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और दुर्घटनास्थल पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और तलाश में जुटी है।



