संचार क्रांति संवाददाता, गोल्हौरा/बांसी, सिद्धार्थनगर।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं कल से प्रारम्भ हो रही हैं। जनपद सहित गोल्हौरा एवं बांसी क्षेत्र में परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है।
इसी क्रम में वार्ड संख्या 28 के जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी एवं युवा समाजसेवी सन्तोष पाण्डेय ने सभी हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी गिरिजेश धर द्विवेदी ने भी परीक्षार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा जीवन की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण चरण होता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी पूरे वर्ष की मेहनत पर भरोसा रखें और परीक्षा कक्ष में पूरी शांति, संयम और आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों का उत्तर दें। घबराहट या किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहना ही सफलता की कुंजी है।
सन्तोष पाण्डेय ने अपने संदेश में कहा कि परीक्षा जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसे आत्मविश्वास, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे बिना किसी दबाव के पूरी तैयारी और एकाग्रता के साथ परीक्षा दें तथा अपने माता-पिता और क्षेत्र का नाम रोशन करें।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही युवाओं को सशक्त बनाती है और समाज को नई दिशा देती है। अतः छात्र-छात्राएं अनुशासन और समय प्रबंधन का पालन करते हुए बेहतर प्रदर्शन करें।
गिरिजेश धर द्विवेदी ने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों का मनोबल बढ़ाएं और घर में शांत व सकारात्मक वातावरण प्रदान करें, ताकि विद्यार्थी आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दे सकें।
अंत में सभी परीक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल परिणाम की कामना की गई।




