संचारक्रान्ति संवाददाता बांसी। संगठन विस्तार को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देश पर चल रहे सदस्यता अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर पांच युवाओं को तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बांसी विधानसभा क्षेत्र के कडजा बनकटा गांव में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में विधानसभा प्रभारी सत्येंद्र कुमार गौतम ने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत टीम ही पार्टी की असली ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर युवाओं और नए मतदाताओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का आह्वान किया। उनका कहना था कि संगठित और सक्रिय बूथ ही चुनावी सफलता की आधारशिला है।
पूर्व जिला महासचिव शमीम अहमद ने प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए महंगाई और कानून-व्यवस्था को गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि आमजन परिवर्तन की अपेक्षा कर रहा है और बसपा सर्व समाज को साथ लेकर चलने की नीति पर कार्य कर रही है।
चौपाल में “अपना बूथ, मजबूत बूथ” अभियान को प्रभावी बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से नियमित बैठकें कर संगठन को सक्रिय रखने की अपील की।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष अशोक कुमार, विधानसभा प्रभारी दिलीप कुमार भारती, लालमन राव, कृष्णा भारती, धर्मदेव बौद्ध, राम किशुन, साधु शरण, विधानसभा महासचिव विनोद कुमार राव, अखिलेश गौतम, जयराम गौतम, घनश्याम गौतम, गोरख पासवान, वीर चंद्र पासवान, राजमन, रामजीत, बसंत प्रसाद, विधानसभा उपाध्यक्ष यार मोहम्मद, श्यामजीत गौतम समेत अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



