Friday, March 14, 2025
Google search engine
Homeगोल्हौरा थानाचाचाओं पर संपत्ति हड़पने का आरोप, पीड़िता ने दर्ज कराया मुकदमा

चाचाओं पर संपत्ति हड़पने का आरोप, पीड़िता ने दर्ज कराया मुकदमा

संचार क्रांति: बांसी। कोतवाली क्षेत्र के गोनहा ताल गांव की एक महिला ने अपनी पैतृक संपत्ति को फर्जी तरीके से हड़पने के आरोप में अपने तीन चाचाओं के खिलाफ थाना मिश्रौलिया में मुकदमा दर्ज कराया है।

पीड़िता श्रीमती सुनीता, पत्नी सुनील कुमार, ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसका मायका ग्राम धोबहा, थाना कठेला समय माता में है। उसके पिता श्याम नारायण की मृत्यु करीब 20 वर्ष पूर्व हो गई थी, जबकि उसकी मां सावित्री देवी का निधन 17 वर्ष पहले हुआ। उस समय सुनीता की उम्र मात्र 7 वर्ष थी। पिता की मृत्यु के बाद राजस्व अभिलेखों में उसकी माता का नाम दर्ज हुआ था।

पीड़िता ने बताया कि वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान है और उनकी संपत्ति पर उसी का हक बनता है। लेकिन उसके चाचा—राम अचल, राजमन और रामकला, पुत्रगण मोती निवासी ग्राम धोबहा—ने ग्राम प्रधान और सहायक चकबंदी अधिकारी से मिलकर कूट रचना की और गलत तरीके से उसके नाम से बयान दिलवाकर संपत्ति अपने नाम करा ली।

जब सुनीता ने इस विषय पर अपने चाचाओं से बात की, तो वे गाली-गलौज पर उतर आए और उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। भयभीत होकर वह अपने ससुराल गोनहा ताल गांव चली गई और फिर मिश्रौलिया थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पीड़िता की तहरीर पर थाना मिश्रौलिया में आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 383, 363(3), 352, 351(3) बीएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी हरिओम कुशवाहा ने बताया कि पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!