संचारक्रान्ति संवाददाता बांसी। विधानसभा क्षेत्र स्थित सिद्धपीठ चुटेश्वर धाम में आयोजित भव्य श्री रुद्र महायज्ञ एवं संगीतमय श्रीराम कथा कार्यक्रम आस्था और श्रद्धा का केंद्र बना रहा। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अवसर पर क्षेत्र के सांसद जगदंबिका पाल ने विधि-विधान से भगवान का जलाभिषेक किया और समस्त क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं उन्नति की कामना की। उन्होंने व्यास पीठ का पूजन-अर्चन कर संत-महात्माओं से आशीर्वाद प्राप्त किया।
सांसद पाल ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने का माध्यम हैं। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
इस दौरान राजेंद्र पांडेय, अजय मिश्रा, सुभाष पांडे, राकेश पांडे, रामकेश गौण, दिग्विजय राय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में भक्ति, उत्साह और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला।




