संचार क्रांति, सिद्धार्थनगर। गोल्हौरा थानाक्षेत्र के ग्राम सेमरी में शुक्रवार की सुबह अज्ञात कारणों से लगी आग ने आधा दर्जन से अधिक गांव के सैकड़ों किसानों का निवाला छीन लिया। अगलगी की इस घटना में जहां लगभग 5 सौ बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर खाक हो गई वहीं सौ बीघा से अधिक गेहूं का डंठल जलकर राख हो गया। पछुआ हवा के कम होने पर सायं लगभग 4 बजे थानाक्षेत्र के अमहवा घाट के समीप लोगों ने आग पर काबू पाया।
गोल्हौरा थानाक्षेत्र के सेमरी गांव के उत्तर गेहूं के डंठल में लगी आग मिश्रौलिया थानाक्षेत्र के बनकटा के सिवान में पहुंच गई, जहां कई किसानों का लगभग 2 सौ बीघा से अधिक गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। आग खैरा से गोल्हौरा थानाक्षेत्र के बभनी, संगवा, बरदही नानकार व नवडीहवा के सिवान तक पहुंच गई। जहां के सैकड़ों किसानों का लगभग 3 सौ बीघा गेहूं की फसल व भूसा बनाने के खेत मे खड़ा गेहूं का डंठल जलकर स्वाहा हो गया। उक्त गांवों के ग्रामीण चीखते चिल्लाते आग बुझाने में जुटे रहे। लेकिन पछुआ हवा के तेज चलने से आग पर काबू पाने में असफल रहे। लोगों ने अमहवा घाट पिच मार्ग के समीप हवा के धीमा पड़ने पर आग पर काबू पाया। जिले में कई जगह अगलगी होने व मुख्यमंत्री का कार्यक्रम होने के चलते लोगों को फायर ब्रिगेड की सुविधा नही मिला सका। एक अन्य समाचार के अनुसार थानाक्षेत्र के भैंसठ में कम्बाइन मशीन से गेहूं के खेत में आग लग गई। जिसपर ग्रामीणों ने काबू पा लिया। यहां लगभग 2 बीघा गेंहू जला है।बताते चलें कि क्षेत्र में अभी 40 फीसद गेहूं की फसल खेत में खड़ी है। जिन किसानों का गेहूं की फसल खेत में है, अगलगी की घटनाओं से वे भयभीत हैं।




