संचार क्रांति-संवाददाता,सिद्धार्थनगर। भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य से जिला मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय पर वरिष्ठ समाजसेवी व भाजपा नेता इंजीनियर अशोक त्रिपाठी तथा युवा समाजसेवी अतुल उपाध्याय ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों समाजसेवियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।मुलाकात के दौरान इंजीनियर अशोक त्रिपाठी ने कहा कि दीपक मौर्य के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में नई ऊर्जा मिलेगी। वहीं युवा समाजसेवी अतुल उपाध्याय ने विश्वास जताया कि उनके कार्यकाल में संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की परंपरा और सुदृढ़ होगी।जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं व वरिष्ठजनों के सहयोग से पार्टी को जिले में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।



