संचार क्रांति, गोल्हौरा (सिद्धार्थनगर)।
क्षेत्र में पान मसाला की बिक्री निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। बताया जा रहा है कि होलसेल विक्रेताओं द्वारा पान मसाला फुटकर दुकानदारों को निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे छोटे दुकानदारों में नाराजगी देखी जा रही है।
फुटकर विक्रेताओं का कहना है कि कंपनियों द्वारा निर्धारित मूल्य के अनुसार कमला पसंद ₹4 का पाउच बाजार में उपलब्ध होना चाहिए, लेकिन होलसेल स्तर पर ही महंगे दाम पर दिए जाने के कारण उन्हें ग्राहकों को अधिक मूल्य पर बेचना पड़ रहा है। इससे ग्राहकों और दुकानदारों के बीच विवाद की स्थिति बन रही है।
निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री के कारण आम ग्राहकों पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। दैनिक उपयोग की वस्तु होने के चलते उपभोक्ताओं को मजबूरी में ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है, जिससे उनमें भी असंतोष व्याप्त है।
दुकानदारों का आरोप है कि होलसेल विक्रेता मनमानी दरों पर माल दे रहे हैं, जिससे उन्हें अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं, उपभोक्ताओं को भी निर्धारित मूल्य से अधिक भुगतान करना पड़ रहा है।
स्थानीय व्यापारियों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि निर्धारित मूल्य का सख्ती से पालन सुनिश्चित हो सके और ग्राहकों को निर्धारित दर पर ही सामग्री उपलब्ध हो सके।
इस संबंध में जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिली है, जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



