संचारक्रान्ति संवाददाता गोल्हौरा (सिद्धार्थनगर)।आगामी त्योहार महाशिवरात्रि एवं होली को शांति, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना गोल्हौरा परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष रामदेव ने की।बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष रामदेव ने कहा कि महाशिवरात्रि और होली दोनों ही पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। इन पर्वों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान जुलूस, शोभायात्रा, पूजा-अर्चना एवं होलिका दहन जैसे कार्यक्रमों को तय समय और निर्धारित मार्ग के अनुसार आयोजित किया जाए। शांति भंग करने वालों और अराजक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।बैठक में मौजूद गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं धर्मगुरुओं ने अपने-अपने सुझाव रखे और महाशिवरात्रि व होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने में पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। अंत में थानाध्यक्ष ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।



