* पिकअप चालक फरार, पुलिस ने पहुंचकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव।
संचार क्रांति – बढ़नी सिद्धार्थनगर– थाना ढेबरूआ क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम पंचायत जियाभारी में नहर के पुल के पास सोमवार की रात में पिकअप की ठोकर से युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। वहीं सड़क दुर्घटना को देख पिकअप वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सड़क हादसा देखकर स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को पीएचसी बढ़नी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। जिसको लेकर हमलोग पीएचसी बढ़नी में भर्ती करवाया। अज्ञात घायल युवक कौन है और कहां रहता है, इसकी जानकारी नही मिल पायी है। पीएचसी चिकित्सक ने बताया कि युवक बहुत सीरियस है। कुछ समय पश्चात अज्ञात युवक ने अपना दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष ढेबरूआ ने बताया कि अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।



