(संचारक्रांति – संवाददाता, मिठवल) – मिठवल बाजार स्थित मॉडर्न इंडियन स्कूल द्वारा छात्र-छात्राओं के लिए एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक चन्द्रप्रकाश श्रीवास्तव उर्फ बब्बू भैया के नेतृत्व में बच्चों ने गोरखपुर के प्रमुख ऐतिहासिक एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कर व्यावहारिक ज्ञान अर्जित किया।
भ्रमण की शुरुआत गोरखनाथ मंदिर दर्शन से हुई। यहां विद्यार्थियों ने मंदिर की भव्यता का अवलोकन किया तथा गुरु गोरखनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक ने विद्यार्थियों को मंदिर के ऐतिहासिक महत्व एवं नाथ संप्रदाय की परंपराओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
इसके बाद छात्र-छात्राओं का दल शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान (चिड़ियाघर) पहुंचा। वहां बच्चों ने शेर, बाघ, तेंदुए सहित विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को नजदीक से देखा। वन्यजीव संरक्षण के महत्व को समझते हुए बच्चे काफी उत्साहित नजर आए।
भ्रमण के अंतिम चरण में विद्यार्थियों ने रामगढ़ताल स्थित नौका विहार का आनंद लिया। रामगढ़ताल की प्राकृतिक सुंदरता एवं मनमोहक वातावरण ने बच्चों को आकर्षित किया।
प्रधानाध्यापक चन्द्रप्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों में जिज्ञासा बढ़ती है तथा प्रकृति के प्रति प्रेम विकसित होता है।
इस दौरान सुरेश चन्द्र मिश्र, आनंद त्रिपाठी, मिताली श्रीवास्तव, पूजा पाठक, दिव्या द्विवेदी, शालिनी पाण्डेय एवं सुलोचना सहित विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।




