सिद्धार्थनगर के बांसी तहसील परिसर में भारतीय किसान यूनियन अंबावता का अनिश्चितकालीन धरना 7वें दिन भी जारी रहा। किसानों की मांगें अब तक पूरी न होने और प्रशासन की उदासीनता ने आंदोलन को और तेज कर दिया है। मंडल अध्यक्ष यार मोहम्मद चौधरी ने कहा कि जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होता और कोई सक्षम अधिकारी आकर ज्ञापन नहीं लेता, तब तक यह धरना जारी रहेगा।
26 दिसंबर को किसानों ने तमाम समस्याओं को लेकर बांसी तहसील में धरना प्रदर्शन किया था। बावजूद इसके, जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा ज्ञापन लेने की जहमत नहीं उठाई गई। इससे आक्रोशित होकर भारतीय किसान यूनियन अंबावता ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
मंडल अध्यक्ष यार मोहम्मद चौधरी ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह निरंकुशता की हद है। प्रशासन किसानों की समस्याओं को गंभीरता से न लेते हुए समाधान के प्रयास तक नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह रवैया न केवल किसानों का अपमान है बल्कि उनकी समस्याओं के प्रति उदासीनता का प्रमाण भी है।
धरना स्थल पर यूनियन के अन्य प्रमुख नेता और कार्यकर्ता जैसे कपिल देव राय (राष्ट्रीय प्रवक्ता), रहमत अली (जिला सचिव), दीपक पासवान (तहसील अध्यक्ष), लालचंद निषाद, मनोरथ निषाद, रामचंद्र, जग नारायण, अनीश खान, बाबूलाल और शिवपूजन उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की और चेतावनी दी कि जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, यह आंदोलन समाप्त नहीं होगा।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में किसान जुटे हैं, जो प्रशासन की इस उदासीनता के खिलाफ एकजुटता से अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं।