मिठवल ब्लॉक की ग्राम पंचायत जीवा का वीडियो चर्चा में, विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
संचार क्रांति – सिद्धार्थनगर जिले के विकासखण्ड मिठवल अंतर्गत ग्राम पंचायत जीवा से एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि खुद यह स्वीकार करते नजर आ रहे हैं कि गांव की योजनाओं में ऊपर से नीचे तक कमीशन देना पड़ता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में विकास कार्यों में भ्रष्टाचार को लेकर एक शिकायत की गई थी। इसी शिकायत के संबंध में जब ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शिकायतकर्ता के घर पहुंचे, तब बातचीत के दौरान उन्होंने खुलकर कमीशनखोरी की बात स्वीकार कर ली।
वीडियो में कथित तौर पर प्रधान प्रतिनिधि यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि बिना कमीशन दिए कोई भी काम संभव नहीं है। इस बातचीत को किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल एक ग्राम पंचायत की समस्या नहीं है, बल्कि लगभग सभी पंचायतों में यही स्थिति बनी हुई है, जहां बिना कमीशन के कोई भी विकास कार्य नहीं होता।
कमीशनखोरी के चलते ग्रामीण विकास योजनाओं में भ्रष्टाचार के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ सही तरीके से आम जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, “अगर इस तरह से कमीशन चलता रहा तो गांव का असली विकास कभी संभव नहीं हो पाएगा।”
फिलहाल इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की उम्मीद जताई जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई हो सकती है।



