Monday, April 13, 2026
Google search engine
Homeसंचार क्रांतिप्रेम विवाह की जिद में 180 फीट टावर पर चढ़ा युवक, 8...

प्रेम विवाह की जिद में 180 फीट टावर पर चढ़ा युवक, 8 घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा

सिद्धार्थनगर में एक युवक प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर 180 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब आठ घंटे तक वह कूदने की धमकी देता रहा। पुलिस और ग्रामीणों ने उसे समझाने का प्रयास किया।

संचार क्रांति संवाददाता, सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर जिले के खेसरहा थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक प्रेम विवाह की जिद में 180 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक करीब आठ घंटे तक टावर पर बैठा रहा और कूदने की धमकी देता रहा, जिससे आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस भी पहुंच गई। काफी देर तक समझाने के बाद भी युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ और अपनी जिद पर अड़ा रहा।

खेसरहा थाना क्षेत्र के करमडीह जमुआर गांव निवासी 19 वर्षीय आकाश का एक युवती से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। इसी मामले में वह चार महीने पहले जेल भी जा चुका है। रविवार को युवक लक्ष्मीगंज चौराहे पर स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और प्रेमिका को बुलाने व शादी कराने की मांग करता रहा।

नीचे खड़ी पुलिस और ग्रामीण लगातार उसे समझाते रहे, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ। दोपहर भर युवक टावर पर बैठा रहा। तेज धूप और बढ़ती भीड़ के कारण माहौल तनावपूर्ण बना रहा। पुलिसकर्मी लगातार उससे बातचीत करते रहे और सुरक्षित नीचे उतरने की अपील करते रहे।

शाम करीब 6 बजे जब युवक ने पानी मांगा, तो पुलिस ने इसी मौके का फायदा उठाया। पानी देने के बहाने पुलिसकर्मी टावर पर चढ़े और सावधानीपूर्वक उसे पकड़कर नीचे उतार लिया।

युवक के सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा ने बताया कि युवक को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments