सिद्धार्थनगर। संचार क्रांति संवाददाता
सिद्धार्थनगर जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने नए थानाध्यक्ष की नियुक्ति की है। उपनिरीक्षक बृजेश सिंह को मिश्रौलिया थाने की कमान सौंपी गई है। उन्होंने रविवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया।
पहली प्राथमिकता कानून व्यवस्था
नवागत थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। पीड़ितों की समस्याओं की त्वरित सुनवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
जनता की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध
थानाध्यक्ष ने कहा कि जनता की सुरक्षा के लिए पुलिस हर समय तत्पर रहेगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती बरती जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अराजकतत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
कपिलवस्तु से हुआ स्थानांतरण
बताते चलें कि उपनिरीक्षक बृजेश सिंह को पहले कपिलवस्तु थाने की जिम्मेदारी दी गई थी। वहां से स्थानांतरण कर अब उन्हें मिश्रौलिया थाना सौंपा गया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद स्थानीय लोगों में उम्मीद जताई जा रही है कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।