सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर क्षेत्र में खुशी की लहर
संचार क्रांति संवाददाता, संत कबीर नगर
बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर सम्राट चौधरी को देशभर से बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में संत कबीर नगर जनपद में भी खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला, जहां विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व नगर अध्यक्ष खलीलाबाद, सतविंदर पाल सिंह जज्जी ने सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि उनका मुख्यमंत्री बनना बिहार की राजनीति में एक नई दिशा का संकेत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सम्राट चौधरी अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता के बल पर प्रदेश को विकास के नए आयामों तक पहुंचाएंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य की जनता को एक सशक्त, ईमानदार और दूरदर्शी नेतृत्व की आवश्यकता थी, जिसे अब पूरा होने की उम्मीद जगी है। उनके नेतृत्व में प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा आमजन से जुड़े मुद्दों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
जनपद के अन्य लोगों ने भी खुशी जताते हुए कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में सुशासन और विकास की नई मिसाल स्थापित होगी। लोगों को उम्मीद है कि उनका कार्यकाल प्रदेश के लिए प्रगति और विकास के नए रास्ते खोलेगा और बिहार तेजी से आगे बढ़ेगा।



